जयपुर , जनवरी 22 -- राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष गोपीचंद मीणा ने गुरुवार को यहां अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया।

श्री मीणा अयोध्या में भगवान रामलला की मूर्ति स्थापना के दिन अपना पदभार ग्रहण किया। इस मौके पर भाजपा मुख्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में राज्यभर से बडी संख्या में सर्व समाज के लोग पहुंचे, जिसमें भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड ने श्री मीणा को पदभार ग्रहण कराया। इस दौरान आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए श्री राठौड ने कहा कि सभी कार्यकर्ता केन्द्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाएं। जो समाज को तोडकर अपनी राजनीतिक रोटिया सेकना चाहते हैं उन्हें बेनकाब करना चाहिए, जो समाज की चिंता नहीं करते उसके कान मरोडने का काम आमजन को करना होगा। जो सेवा करे उसे आशीर्वाद दो और जो हमारे हितों की अनदेखी करे उसे बेनकाब करो।

इस अवसर पर कृषि मंत्री डॉ. किरोडीलाल मीणा ने कहा कि जनजाति समाज के उत्थान, सशक्तिकरण और सम्मान के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिन रात कार्य कर रहे है। उन्होंने कहा कि भाजपा जनजाति मोर्चा वर्षों से जनजाति समाज के अधिकारों, हितों, सामाजिक उन्नयन और राजनीतिक सहभागिता को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण एवं प्रभावी भूमिका निभा रहा है। संगठन की यह सुदृढ़ प्रतिबद्धता भविष्य में भी समाज के सर्वांगीण विकास को नई गति प्रदान करेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित