सहारनपुर , सितंबर 22 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष नितिन नवीन के पहली बार सहारनपुर आगमन पर मंगलवार को पार्टी कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह उनका जोरदार स्वागत और अभिनंदन किया। उनके स्वागत के लिए बड़ी संख्या में कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे और विभिन्न स्थानों पर नारेबाजी कर उनका अभिवादन किया।

श्री नितिन नवीन सुबह देवबंद क्षेत्र के रोहाना टोल प्लाजा से सहारनपुर जिले में दाखिल हुए, जहां पालिका अध्यक्ष विपिन गर्ग, नगर अध्यक्ष अरुण गुप्ता सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। श्री नवीन ने वाहन में खड़े होकर कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार किया और उनका आभार जताया।

इसके बाद उनका काफिला रामपुर मनिहारान विधानसभा क्षेत्र के नागल पहुंचा, जहां जिला पंचायत अध्यक्ष मांगेराम चौधरी की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। सहारनपुर देहात विधानसभा क्षेत्र के कोलकी टोल प्लाजा पर पूर्व विधायक अजब सिंह, पूर्व विधायक जगपाल सिंह एवं रविंद्र मोल्हू की अगुवाई में उनका स्वागत किया गया।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का काफिला सहारनपुर नगर विधानसभा क्षेत्र में पहुंचा, जहां पूर्व सांसद राघव लखन पाल शर्मा की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इस दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष मानवीर सिंह पुंडीर, भाजपा विधायक मुकेश चौधरी, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष चौधरी राजपाल सिंह, पूर्व सांसद प्रदीप चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष अजित सिंह राणा और पूर्व अध्यक्ष अमित गगनेजा समेत पार्टी के कई प्रमुख नेता मौजूद रहे।

कमिश्नर कार्यालय के पास नगर विधायक राजीव गुम्बर, महापौर डॉ. अजय सिंह और पूर्व मंत्री संजय गर्ग की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने नितिन नवीन का स्वागत किया। कार्यक्रम स्थल पहुंचने से पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष ने अनुसूचित जाति के सेवानिवृत्त शिक्षक अजब सिंह के आवास पर भोजन किया। इसके बाद संत रविदास की 650वीं जयंती के अवसर पर संत रविदास मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद लिया।

अम्बाला रोड स्थित सरोवर पोर्टिको होटल में नितिन नवीन ने दो अलग-अलग सत्रों में भाजपा के पूर्व जनप्रतिनिधियों और संगठन के मौजूदा पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने उनकी शिकायतें और सुझाव सुने। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों को बूथ स्तर की इकाइयों और शक्ति केंद्रों को मजबूत करने तथा जनता के बीच जाकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकारों के विकास कार्यों एवं उपलब्धियों की जानकारी देने के निर्देश दिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित