देहरादून , मई 29 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने देहरादून में अपने प्रवास के दूसरे दिन आज मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भेंट के बाद वसंत बिहार स्थित प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत भुवन चंद्र खण्डूरी के आवास पर जाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी एवं शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

श्री नबीन ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि जनरल साहब से पार्टी के कार्यकर्ताओं को बहुत कुछ सीखने का अवसर मिला। उनका कृतित्व सदैव उत्तराखंड वासियों के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा। मेरी संवेदनाएं पूरे परिवार के साथ हैं। उन्होंने इस दुखद घड़ी में मेजर जनरल खण्डूरी की पुत्री एवं उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूरी भूषण एवं पुत्र मनीष खण्डूरी को धैर्य बनाए रखने और पिता के आदर्शों को आगे बढ़ाने का संबल दिया। उन्होंने परिवार के अन्य सदस्यों से आत्मीय संवाद करते हुए उनके प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

उनके साथ आए भाजपा संगठन महामंत्री बी.एल. संतोष ने कहा कि जनरल साहब की कार्यशैली अद्वितीय थी। संगठन और सार्वजनिक जीवन में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने कहा कि जनरल खण्डूडी का व्यक्तित्व अनुशासन, निष्ठा और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण था।

श्रद्धांजलि के दौरान एक अत्यंत भावुक दृश्य भी देखने को मिला, जब श्री नवीन, श्री संतोष, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तथा अन्य वरिष्ठ नेता मेजर जनरल खण्डूरी के पुत्र मनीष खण्डूडी के साथ भूमि पर बैठकर उनके दुख में सहभागी बने। नेताओं ने परिवार के साथ समय बिताते हुए अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं और इस अपूरणीय क्षति पर गहरा शोक व्यक्त किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित