नागपुर , जुलाई 05 -- राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत ने रविवार को राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी के मामले पर संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले के बयान का समर्थन किया और कहा कि उनके विचार भी इससे अलग नहीं हैं।

नागपुर में एक कार्यक्रम से इतर जब संवाददाताओं ने श्री भागवत से इस विवाद पर टिप्पणी करने को कहा, तो उन्होंने कहा, "कृपया होसबाले जी द्वारा जारी बयान को देखें। मेरी प्रतिक्रिया भी बिल्कुल वही है।"श्री भागवत ने इस पर आगे विस्तार से कुछ भी कहने से इनकार कर दिया, जिससे यह संकेत मिलता है कि श्री होसबाले का बयान इस मुद्दे पर संघ के आधिकारिक रुख को दर्शाता है।

शुक्रवार को जारी अपने बयान में श्री होसबाले ने कहा था कि अयोध्या में राम मंदिर के लिए आए चढ़ावे के कथित दुरुपयोग ने समाज की आस्था और भावनाओं को गहरी ठेस पहुँचाई है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया था कि मामले की जांच निष्पक्ष रूप से की जानी चाहिए और जो भी दोषी पाया जाए, उसे कड़ी से कड़ी सजा दी जानी चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित