भागलपुर , अक्टूबर 17 -- बिहार में भागलपुर जिले के सबौर थाना क्षेत्र में पुलिस ने 510.24 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
पुकिस के अनुसार बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई गई है।
वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने आज यहां बताया कि ब्रह्मादेव होटल के पास कुछ लोगों द्वारा मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री किए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद नगर पुलिस अधीक्षक की निगरानी में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (विधि-व्यवस्था) और स्थानीय थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम गठित की गई।
उन्होंने बताया कि विशेष टीम ने ब्रह्मादेव होटल के पास पहुंचकर कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस को देखकर भागने की कोशिश कर रहे एक व्यक्ति को खदेड़कर पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से 510.24 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई।
गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान सबौर थाना क्षेत्र के सरधो गांव निवासी पंचानंद कुमार के रूप में हुई है।
श्री यादव ने बताया कि गिरफ्तार व्यक्ति से पूछताछ के बाद संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित