भागलपुर , अक्टूबर 22 -- बिहार में भागलपुर जिले के इस्माईलपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार की अहले सुबह अपराधियों ने एक दुकानदार दंपति की गोली मारकर हत्या कर दी।

इस घटना के समय दंपति सोये हुए थे। दोहरे हत्याकांड के विरोध में स्थानीय ग्रामीणों ने शवों को सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया और अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।

नवगछिया के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी साइन रजा ने बताया कि मृतकों की पहचान रंजन मंडल (40) और उनकी पत्नी किरण देवी (34) के रूप में हुई है। दंपति इस्माईलपुर बाजार के हटिया (ग्रामीण हाट) में चाय-नाश्ते की दुकान चलाते थे।

श्री रजा ने बताया कि आज सुबह करीब चार बजे कुछ अपराधी दुकान पर पहुंचे और सोये अवस्था में रंजन मंडल को गोली मार दी। गोली चलने की आवाज सुनकर जगी उनकी पत्नी किरण देवी को भी अपराधियों ने भागने के दौरान गोली मार दी। गोली लगने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने बताया कि हत्याकांड के कारणों का तत्काल पता नहीं चल सका है। मामले की जांच के लिए गठित विशेष पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंचकर सभी बिंदुओं पर छानबीन कर रही है। इस सिलसिले में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित