भागलपुर , सितंबर 12 -- बिहार में भागलपुर के प्रमंडलीय आयुक्त प्रेम सिंह मीणा ने शनिवार को जिले के रंगरा और गोपालपुर प्रखंडों में बाढ़ एवं कटाव से प्रभावित संवेदनशील तटबंधों का स्थल निरीक्षण किया और बचाव एवं सुरक्षात्मक कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
श्री मीणा ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर गंगा और कोसी नदियों के तेज प्रवाह से हुए कटाव, तटबंधों की वर्तमान स्थिति तथा वहां चल रहे निरोधात्मक कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों एवं अभियंताओं को संवेदनशील स्थलों पर लगातार निगरानी रखने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
प्रमंडलीय आयुक्त ने सबसे पहले रंगरा प्रखंड की बनिया बैसी पंचायत स्थित क्षतिग्रस्त बुढ़िया रिंग बांध का निरीक्षण किया। इसके बाद रंगरा पंचायत के धोबिनिया तटबंध पर करीब 20 फीट के कटाव स्थल का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर चल रहे डॉवल निर्माण, बांस पाइलिंग, एनसी कार्य तथा बालू से भरे बोरे लगाने के कार्यों की जानकारी ली और आवश्यक निर्देश दिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित