भागलपुर, मई 27 -- दक्षिण बिहार विधुत वितरण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक राहुल कुमार ने भागलपुर जिले में भीषण आंधी-पानी की वजह से उत्पन्न गंभीर बिजली संकट के बारे में बुधवार को कहा कि इस परेशानी को शीघ्र दूर करने के लिए काम युद्धस्तर पर जारी है।

श्री कुमार ने कहा कि इस इलाके में विभागीय अधिकारी, अभियंता और तकनीकी टीम सभी प्रकार की बिजली से संबंधित परेशानियों को दूर करने के लिए लगातार काम कर रही है।

प्रबंध निदेशक ने संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा कि दो दिनो से लगातार आए भीषण आंधी-पानी के कारण जिले के भागलपुर शहर, नवगछिया और कहलगांव डिवीजन में उत्पन्न गंभीर बिजली संकट को विभाग ने काफी गंभीरता से लिया है। मुख्यालय (पटना) से आई तकनीकी टीम और विभागीय अधिकारी प्राथमिकता के साथ काम कर रहे हैं। 33 केवी और 11केवी के सभी फीडरो को दुरुस्त करने का काम अंतिम चरण में है और इस काम में लगे विधुत विभाग के तकनीकी टीम तथा अभियंताओं को जिला प्रशासन का पूरा सहयोग मिल रहा है।

श्री कुमार ने बताया कि जिले के नवगछिया और कहलगांव डिवीजन के अधिकांश हिस्सों में बिजली बहाल हो चुकी है। जबकि भागलपुर डिवीजन के प्रभावित क्षेत्रों में अभियंता और तकनीकी टीम बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करने में लगे हुए है और अगले चार से पांच घंटे में बिजली आपूर्ति शुरु कर दी जाएगी। जिससे प्रभावित क्षेत्रों में पेयजलापूर्ति और अन्य सुविधाएं लोगों को मिलने लगेगी।

प्रबंध निदेशक ने बताया कि लंबे समय से जिले भर में खासकर, भागलपुर शहर में चरमराई बिजली व्यवस्था की गंभीरता के मद्देनजर जिलाधिकारी द्वारा अपने स्तर से हरसंभव प्रयास के साथ ही मुख्यालय को सूचित करने के बाद हमने तकनीकी टीम के साथ जिले के प्रभावित क्षेत्रों का अवलोकन किया और विभागीय अधिकारियों को अतिशीघ्र बिजली बहाल करने का सख्त निर्देश दिए।

उल्लेखनीय है कि लगातार दो दिनों तक जिले के विभिन्न हिस्सों में आए भीषण आंधी-पानी के कारण बिजली आपूर्ति की व्यवस्था तहस-नहस हो गई थी। खासकर, भागलपुर शहर का अधिकांश हिस्सा अंधकार में डूब गया था। बिजली के अभाव में पेयजलापूर्ति और अन्य सुविधाएं बाधित होने से अफरातफरी मच- सी गई थी। ऐसे में जिलाधिकारी डॉ नवल किशोर चौधरी ने आमलोगों की इस ज्वलंत समस्या को गंभीरता से लेते हुए विधुत और पीएचईडी विभाग को प्राथमिकता पर काम करने का निर्देश दिए थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित