भागलपुर , फरवरी 27 -- बिहार में भागलपुर जिले के शिवनारायणपुर थाना क्षेत्र से पुलिस पुलिस ने शुक्रवार को भारी मात्रा में मादक पदार्थ के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।
भागलपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने आज यहां बताया कि इस क्षेत्र के शिवनारायणपुर बाजार चौक के पास अवैध मादक पदार्थ की खरीद-बिक्री की सूचना पर नगर पुलिस अधीक्षक की निगरानी में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कहलगांव - दो के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने वहां पर छापा मारा और भाग रहे एक तस्कर को दबोच लिया। उन्होंने बताया कि पकड़े गए व्यक्ति के पास से 700 ग्राम ब्राउन शुगर और 26 हजार 700 रुपया बरामद किया गया है। वह जिले के बुद्धूचक थाना क्षेत्र के किसनदासपुर गांव का रहने वाला है और लंबे समय से ऐसे मादक पदार्थ (ब्राउन शुगर) की खरीद-बिक्री का अवैध धंधा करता था।
वरीय पुलिस अधीक्षक ने बताया कि उक्त तस्कर के विरुद्ध अलग-अलग थानों में मामले दर्ज है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और इस सिलसिले में सुसंगत धाराओं के तहत एक प्राथमिकी दर्ज कर अग्रेतर कार्रवाई की जाएगी। ज़ब्त की गई ब्राउन शुगर की बाजार में कीमत क़रीब सात लाख रुपए आंकी गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित