भागलपुर, मई 17 -- पूर्व रेलवे के मालदा रेल मंडल ने चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 के प्रथम चालीस दिनों की अवधि में यात्री भाड़ा, टिकट जांच सहित अन्य कोचिंग राजस्व की वसूली में रिकार्ड वृद्धि दर्ज की है। मालदा के मंडल रेल प्रबंधक मनीष कुमार गुप्ता ने रविवार को यहां बताया कि वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक के पर्यवेक्षण में इस अवधि के दौरान यात्री राजस्व के रुप में कुल 71 करोड़ 16 लाख रुपए की राशि वसूल की गई है, जो विगत वित्तीय वर्ष के इस अवधि की तुलना में 21.52 प्रतिशत ज्यादा है। उन्होंने बताया कि इस दौरान मालदा मंडल के विभिन्न प्रमुख रेलवे स्टेशनो और ट्रेनों में चलाए गये विशेष टिकट जांच अभियान के तहत कुल दो करोड़ 73 लाख रुपए राजस्व की प्राप्ति हुई है, जो 112. 20 प्रतिशत की अभूतपूर्व वृद्धि को दर्शाता है।
श्री गुप्ता ने बताया कि टिकट जांच अभियान में मालदा मंडल ने एक नया कीर्तिमान स्थापित करते हुए इस वित्तीय वर्ष के मई माह के प्रथम दस दिनों में कुल एक करोड़ तीन लाख रुपए राशि की रिकार्ड वसूली की गई है। यह वसूली विगत वर्ष की भांति 281.44 प्रतिशत की अभूतपूर्व वृद्धि के साथ इस रेलमंडल के वाणिज्यिक प्रदर्शन में एक नया मापदंड स्थापित करती है।
मंडल रेल प्रबंधक ने बताया कि इस अवधि के दौरान अन्य कोचिंग राजस्व के रुप में कुल तीन करोड़ 90 लाख रुपए राजस्व केरुप में मिला है, जो विगत वर्ष की समान अवधि की तुलना में 30.76 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि यात्रियों को सुरक्षित,सुगम, एवं बेहतर सेवाएं प्रदान करते हुए इस रेलमंडल की आय वृद्धि की दिशा में निरंतर प्रयासों का परिणाम है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित