भागलपुर , अप्रैल 29 -- िहार में भागलपुर जिले के सुल्तानगंज बाजार स्थित नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी हत्याकांड का मुख्य अभियुक्त रामधनी यादव पुलिस मुठभेड़ में बुधवार को मारा गया, जबकि पुलिस उपाधीक्षक सहित तीन पुलिस कर्मी घायल हो गए। भागलपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने आज यहां बताया कि सुल्तानगंज नगर परिषद कार्यालय में मंगलवार की शाम कार्यपालक पदाधिकारी की हत्या और नगर सभापति राजकुमार गुड्डू के घायल होने के मामले में पुलिस की विशेष टीम ने नगर परिषद की उप सभापति नीलम देवी और उसके पति मुख्य अभियुक्त रामधनी यादव को हिरासत में लिया था।उन्होंने बताया कि इस घटना में इस्तेमाल किए गए हथियारों की बरामदगी के लिए पुलिस अहले सुबह रामधनी यादव को छिपाए हुए जगह पर ले जा रही थी,तभी रास्ते में बाइपास रोड के पास रामधनी यादव और उसके सहयोगियों ने पुलिस टीम पर गोलियां चलानी शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षार्थ में गोलियां चलाई, जिससे रामधनी यादव घायल हो गया।
श्री यादव ने बताया कि इस मुठभेड़ में पुलिस की टीम में शामिल पुलिस उपाधीक्षक नवीन कुमार सहित तीन पुलिसकर्मी भी घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए भागलपुर के जवाहरलाल नेहरु मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया,जहां चिकित्सकों ने रामधनी यादव को मृत घोषित कर दिया।
वरीय पुलिस अधीक्षक ने बताया कि रामधनी यादव इस हत्याकांड का मास्टरमाइंड था और उसका किसी टेंडर को लेकर नगर सभापति राजकुमार गुड्डू से अनबन चल रहा था। उसका पहले से आपराधिक इतिहास रहा है और कई बार जेल भी जा चुका था। पुलिस अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
उल्लेखनीय है कि अपराधियों ने मंगलवार को सुल्तानगंज नगर परिषद कार्यालय में घुसकर नगर सभापति राजकुमार गुड्डू पर गोलियां चलाई थी। इस दौरान कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण भूषण कुमार श्री गुड्डू को बचाने में अपराधियों से उलझ गए थे। इस दौरान एक अपराधी ने उन्हें गोली मार दी, जिससे मौके पर उनकी मौत हो गई। गंभीर रुप से घायल नगर सभापति राजकुमार गुड्डू को तुरंत भागलपुर के जवाहरलाल नेहरु मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया। बाद में बेहतर इलाज के लिए उन्हें पटना रेफर किया गया है। मृत कार्यपालक पदाधिकारी मधुबनी जिले के रहने वाले थे और उनकी पत्नी उत्तर प्रदेश में एक पदाधिकारी के पद पर कार्यरत हैं।इस बीच आज उनके परिजन भागलपुर पहुंच गए हैं। ज़िला प्रशासन की ओर से एक दंडाधिकारी के देखरेख में उनके शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित