भागलपुर , अप्रैल 28 -- बिहार में भागलपुर जिले के सुल्तानगंज बाजार में कुछ अपराधियों ने मंगलवार को दिनदहाड़े सुल्तानगंज नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी की गोली मारकर हत्या कर दी और नगर सभापति को गंभीर रुप से घायल कर दिया।

पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को यहां बताया कि सुल्तानगंज नगर परिषद के कार्यालय में मंगलवार को कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण भूषण कुमार और नगर सभापति राजकुमार गुड्डू के समक्ष कुछ सैरात की बंदोबस्ती चल रही थी, तभी कुछ अपराधी कार्यालय में घुसे और दोनों पर गोलियों की बौछार करने के बाद भाग गये।

सूत्रों ने बताया कि इस घटना में कार्यपालक पदाधिकारी की मौत मौके पर ही हो गई, जबकि गंभीर रुप से घायल सभापति राजकुमार गुड्डू को भागलपुर के जवाहरलाल नेहरु मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया है। घटना के कारणों का तत्काल पता नहीं चल पाया है।

सूत्रों ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस ने सुल्तानगंज से बाहर जाने वाले सभी रास्तों को सील कर दिया है और अपराधियों की धरपकड़ शुरू कर दी गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित