भागलपुर, मई 13 -- बिहार में भागलपुर जिले के गोपालपुर थाना क्षेत्र में बुधवार को राष्ट्रीय उच्च मार्ग -31 बड़ी गाड़ी की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई।
पुलिस सूत्रों ने बुधवार को यहां बताया कि इस क्षेत्र के चपरघट गांववासी हीरो कुमार (25 वर्ष) बुधवार को अपनी पत्नी मौसम कुमारी को बीए सेमेस्टर- तीन की परीक्षा दिलाने के लिए मोटरसाइकिल से नवगछिया जा रहा था, तभी रास्ते में अंभो गांव के पास सामने से तेज गति से आ रहे एक हाईवा ने मोटरसाइकिल सवार को टक्कर मार दी।
सूत्रों ने बताया कि इस हादसे में हीरो कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रुप से घायल उसकी पत्नी को ग्रामीणों के सहयोग से नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। मृतक हैदराबाद में काम करता था और करीब एक सप्ताह पहले वह अपने रिश्तेदार के श्राद्ध कर्म में शामिल होने के लिए घर आया था।
सूत्रों ने बताया कि हादसे के बाद वाहन चालक और खलासी गाड़ी छोड़कर फरार हो गया।इधर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मोटरसाइकिल को अपने कब्जे में लेने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित