भागलपुर , मार्च 20 -- बिहार में भागलपुर जिले के सनोखर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को पुलिस ने एक पिकअप वाहन से भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।

भागलपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक(एसएसपी) प्रमोद कुमार यादव ने आज बताया कि झारखंड से अवैध विदेशी शराब की एक बड़ी खेप के सड़क मार्ग के जरिए भागलपुर होते हुए सहरसा जाने की सूचना पर नगर पुलिस अधीक्षक की निगरानी और कहलगांव के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी -वन के नेतृत्व में गठित एक विशेष टीम ने शुक्रवार की शाम सनोखर क्षेत्र में वाहन तलाशी अभियान चलाया।

श्री यादव ने बताया कि इस दौरान विशेष टीम ने शक के आधार पर एक पिकअप वाहन की तलाशी के क्रम में कई बंद बोरे में छिपाए गए कुल 846.720 लीटर अवैध विदेशी शराब को जब्त किया। मौके पर से एक तस्कर संजीव कुमार को गिरफ्तार किया गया है, जो मुजफ्फरपुर जिले के सकरी क्षेत्र का रहने वाला है।

एसएसपी ने बताया कि पुलिस ने पिकअप वाहन को अपने कब्जे में लेने के बाद पकड़े गए तस्कर के विरुद्ध एक प्राथमिकी दर्ज कर अग्रेतर कार्रवाई शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि जिले के सभी थानाध्यक्षों को विभिन्न मार्गो पर तलाशी अभियान चलाकर अवैध मादक पदार्थों की जब्ती का निर्देश दिए गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित