भागलपुर , मार्च 13 -- बिहार में भागलपुर जिले के अंतीचक गांव के पास पर्यटन विभाग एवं जिला प्रशासन की तरफ से आयोजित तीन दिवसीय विक्रमशिला महोत्सव का शुभारंभ शुक्रवार को हुआ।

इस महोत्सव का शुभारंभ आज पीरपैंती क्षेत्र के विधायक मुरारी पासवान, जिलाधिकारी डा. नवल किशोर चौधरी, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव, जिला परिषद अध्यक्ष विपिन मंडल एवं उपाध्यक्ष प्रणव कुमार ने संयुक्त रुप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

पीरपैंती क्षेत्र के विधायक मुरारी पासवान ने विक्रमशिला की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए इसके ऐतिहासिक, पुरातात्विक एवं सांस्कृतिक गाथा को पुनर्जीवित रखने की बात कही।

जिलाधिकारी डॉ नवल किशोर चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि इस कार्यक्रम के जरिए प्राचीन विक्रमशिला की ऐतिहासिक एवं पुरातत्विक गाथा को आम जनमानस तक पहुंचाने का हरसंभव प्रयास किया जा रहा है। मौजूदा समय में विक्रमशिला महाविहार के विकास के लिए राज्य सरकार द्वारा की कई योजनाएं चल रही है। इस पुरातात्विक स्थल को पर्यटन केन्द्र के रुप में विकसित करने का काम शुरु किया गया है।

श्री चौधरी ने कहा कि विक्रमशिला की धरती पर केन्द्र सरकार की ओर से केन्द्रीय विश्वविद्यालय की स्थापना को मंजूरी दी गई है और इस दिशा में शीघ्र निर्माण कार्य शुरू होगा। इसके अलावा बगल में उत्तर- वाहिनी गंगा तट पर स्थित बटेश्वर स्थान के विकास के लिए कार्ययोजना तैयार की जा रही है।

वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने अपने संबोधन में कहा कि विक्रमशिला का इतिहास बड़ा ही गौरवपूर्ण एवं ऐतिहासिक रहा है और मौजूदा समय में सामूहिक दायित्व बनता है कि इस धरोहर को संरक्षित रखें।

जिला परिषद के अध्यक्ष विपिन मंडल, उपाध्यक्ष प्रणव कुमार, कहलगांव के अनुमंडल पदाधिकारी कृष्णचंद गुप्ता ने विक्रमशिला के महत्ता की चर्चा की।

इधर उद्घाटन के बाद स्थानीय और राज्यस्तरीय कलाकारों ने रंगारंग कार्यक्रम की प्रस्तुति की और बाद में बालीवुड की पार्श्व गायिका हेमा सरदेसाई ने करीब तीन घंटे तक अपनी सुरीली आवाज से श्रोताओं का दिल जीत लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित