भागलपुर , जून 02 -- बिहार सरकार के जन-शिकायत निवारण अभियान के तहत भागलपुर जिले के गोराडीह प्रखंड के बिशनपुर जिच्छो पंचायत में सोमवार को आयोजित सहयोग शिविर में खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के सचिव सह जिला प्रभारी सचिव दीपक आनंद ने लोगों की समस्याओं को सुना और सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।

प्रभारी सचिव ने शिविर में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर वह शिविर की प्रगति और शिकायतों के निस्तारण की स्थिति का जायजा लेने पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि सहयोग शिविर का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। प्राप्त शिकायतों के निस्तारण के लिए अधिकतम 30 दिनों की समय-सीमा निर्धारित की गई है तथा अनावश्यक विलंब के प्रति सरकार पूरी तरह गंभीर है।

श्री आनंद ने बताया कि सहयोग पोर्टल एवं हेल्पलाइन 1100 के माध्यम से नागरिक घर बैठे अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। उन्होंने लोगों से डिजिटल माध्यमों का अधिकाधिक उपयोग करने और अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सहयोग पोर्टल का लाभ उठाने का आह्वान किया।

प्रभारी सचिव ने विशेष रूप से भागलपुर जिला प्रशासन की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि पूर्व में आयोजित सहयोग शिविर में प्राप्त अधिकांश शिकायतों का निस्तारण निर्धारित समय-सीमा से काफी पहले, मात्र सात दिनों के भीतर कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि इसके लिए जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी और जिला प्रशासन की पूरी टीम को बधाई के पात्र हैं।

जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि यह शिविर पूरी तरह आम जनता की समस्याओं के समाधान के उद्देश्य से आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के स्पष्ट निर्देशानुसार प्रत्येक पंचायत में सहयोग शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे लोगों की शिकायतों एवं समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जाये।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित