भागलपुर , मार्च 22 -- बिहार में भागलपुर जिले के अंतीचक थाना क्षेत्र में रविवार की संध्या गंगानदी में स्नान करने के दौरान डूबने से दो मौसेरे भाईयों की मौत हो गई।
कहलगांव के अनुमंडल पदाधिकारी कृष्णचंद गुप्ता ने रविवार को यहां बताया कि दोनों मृतकों की पहचान कृष्ण कुमार 16 वर्ष एवं आशीष कुमार 15 वर्ष के रुप में हुई है। दोनों पीरपैंती थाना क्षेत्र के बाखरपुर तथा पीरपैंती बाजार गांव के रहने वाले थे। हादसे के समय दोनों किशोर किसी परिचित मृत व्यक्ति के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए अपने परिजनों के साथ बटेश्वर स्थान स्थित श्मशान घाट पर आये थे।
श्री गुप्ता ने बताया कि दोनों किशोर गंगा स्नान के दौरान अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। उन्हें डूबते देख कर परिजनों के शोर मचाने के बाद स्थानीय गोताखोर एवं एसडीआरएफ की मदद से उन्हें पानी से बाहर निकला गया। इसके बाद परिजन बेहोशी की हालत में दोनों लडकों को कहलगांव के अनुमंडलीय अस्पताल ले गये, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अनुमंडल पदाधिकारी ने बताया कि दोनों मृतक आपस में मौसेरे भाई थे। स्थानीय पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करने के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भागलपुर के जवाहरलाल नेहरु मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया है।
इधर आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से दोनों मृतकों के परिजनों को चार चार लाख रुपए अनुग्रह राशि मुहैय्या कराई जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित