भागलपुर , मार्च 09 -- बिहार के भागलपुर जिला में कोसी नदी में डूबे तीन बच्चों के शव सोमवार को बरामद कर लिये गये हैं।

यह घटना झंडापुर थाना क्षेत्र के हरियो महेशपुर गांव के पास हुई, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई।

पुलिस के अनुसार मृत बच्चों की पहचान लक्ष्मण कुमार (14), युवराज कुमार (14) और नयन कुमार (13) के रूप में हुई है। तीनों बच्चे अन्य साथियों के साथ पास के मुसहरी घाट पर कोसी नदी में नहाने गये थे। इसी दौरान नयन कुमार अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे बचाने के प्रयास में युवराज और लक्ष्मण भी गहरे पानी में चले गये और तीनों नदी में डूब गये।

घटना से घबराये अन्य बच्चों ने परिजनों और ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा तलाशी अभियान शुरू किया गया। बाद में राज्य आपदा मोचन बल की टीम नवगछिया से पहुंची और काफी मशक्कत के बाद मुसहरी घाट से कुछ दूरी पर सोमवार सुबह तीनों बच्चों के शव बरामद कर लिये।

पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर शवों को पोस्टमार्टम के लिये नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से चार- चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

इस दर्दनाक हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित