मथुरा , सितंबर 21 -- भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने गोवर्धन आश्रम पहुंचकर गोवर्धन मठ पुरी पीठाधीश्वर परमपूज्य शंकराचार्य स्वामी अधोक्षजानंद देवतीर्थ जी महाराज से मुलाकात की।
इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने पूज्य शंकराचार्य का आशीर्वाद प्राप्त किया तथा देश भर के किसानों के कल्याण और उनके हित में राष्ट्रीय स्तर पर एक व्यापक कार्य योजना तैयार करने के लिए मार्गदर्शन हासिल किया। इस विशेष बैठक में भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर श्री राजेश सिंह चौहान, प्रान्तीय उपाध्यक्ष श्री अरुण तिवारी तथा चित्रकूट पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर डॉ. स्वामी दिव्यानंद जी महाराज मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इसके अलावा संगठन के अनेक जिलाध्यक्ष, मंडलाध्यक्ष और भारी संख्या में किसान सदस्य शामिल हुए।
मुलाकात के उपरांत पत्रकारों से बातचीत करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेश सिंह चौहान ने कहा कि भारत मूलतः 'ऋषि और कृषि' की पावन परंपरा का देश है। देश की प्रगति और उत्थान तभी संभव है, जब धर्म, अध्यात्म और कृषि एक साथ मिलकर कार्य करेंगे। उन्होंने पूज्य शंकराचार्य स्वामी अधोक्षजानंद देवतीर्थ जी महाराज के साथ हुई इस भेंट को अत्यंत सार्थक और ऐतिहासिक बताया।
श्री चौहान ने कहा कि शंकराचार्य जी देश के सुदूर और सीमावर्ती राज्यों जैसे असम, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, लेह-लद्दाख के किसानों को देश की मुख्यधारा के किसानों से जोड़ने में एक मजबूत सेतु की भूमिका निभा रहे हैं। पूज्य स्वामी जी के साथ हुई इस विस्तृत चर्चा से किसानों को एक नया मार्ग और दिशा मिली है। आने वाले समय में देश का किसान वर्ग भारत के नवनिर्माण और आर्थिक मजबूती में एक बहुत बड़ी और निर्णायक भूमिका निभाएगा।
बैठक के दौरान सभी उपस्थित पदाधिकारियों ने किसानों की समस्याओं और उनके स्थायी समाधान पर स्वामी जी से आशीर्वाद लिया, जिससे पूरे संगठन में एक नई ऊर्जा का संचार हुआ है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित