पटना , मई 03 -- भारत की कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी-लेनिनवादी (भाकपा माले) बिहार राज्य कमिटी की दो दिवसीय बैठक सम्पन्न हुई, जिसमें राज्य सम्मेलन की तैयारियों को लेकर व्यापक रणनीति तय की गई और जनसंघर्षों को तेज करने पर जोर दिया गया। भाकपा-माले बिहार राज्य कमिटी की दो दिवसीय बैठक दो-तीन मई को पटना स्थित राज्य कार्यालय में सम्पन्न हुई। बैठक में पार्टी महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य, स्वदेश भट्टाचार्य, राज्य सचिव कुणाल, धीरेंद्र झा, सांसद राजाराम सिंह, अमर, मीना तिवारी और शशि यादव समेत राज्य कमिटी के सदस्य शामिल हुए।
बैठक में राज्य की मौजूदा राजनीतिक स्थिति, बढ़ती बेरोजगारी, महंगाई, शिक्षा और स्वास्थ्य की स्थिति, किसानों-मजदूरों की समस्याओं तथा लोकतांत्रिक अधिकारों पर बढ़ते हमलों पर चर्चा की गई।
इस अवसर पर भाकपा माले के नेताओं ने कहा कि जनता के बुनियादी सवालों को लेकर संघर्ष तेज करने की आवश्यकता है।उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा सत्ता पर पूरी तरह नियंत्रण स्थापित किया गया है, जिसके खिलाफ जनांदोलनों को और व्यापक बनाने की जरूरत है। ऐसे समय में पार्टी की जिम्मेदारी बढ़ जाती है कि वह जनता के बीच मजबूती से हस्तक्षेप करे।
बैठक में आगामी 16 से 18 मई को दरभंगा में आयोजित होने वाले पार्टी के 12वें बिहार राज्य सम्मेलन की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। सम्मेलन की सफलता के लिए प्रतिनिधियों के चयन, आवास व्यवस्था, प्रचार-प्रसार, आर्थिक सहयोग और जनसंपर्क अभियान पर चर्चा की गई।
नेताओं ने कहा कि यह सम्मेलन पार्टी और राज्य की राजनीति के लिए महत्वपूर्ण पड़ाव साबित होगा, जिसमें आने वाले समय की राजनीतिक दिशा और संगठनात्मक कार्यभार तय किया जाएगा।
बैठक में निर्णय लिया गया कि सम्मेलन को सफल बनाने के लिए राज्यभर में अभियान तेज किया जाएगा। गांव, कस्बों, पंचायतों, प्रखंडों और जिलों में सभाएं, बैठकें और जनसंपर्क कार्यक्रम चलाए जाएंगे।साथ ही संगठन को मजबूत करने, नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने और युवाओं, छात्रों तथा महिलाओं के बीच सक्रियता बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।
पार्टी ने अपने सदस्यों, समर्थकों और आम जनता से अपील की है कि वे सम्मेलन को सफल बनाने के लिए सहयोग करें। यह सम्मेलन बिहार में जनवादी, धर्मनिरपेक्ष और जनपक्षधर राजनीति को मजबूत करने का महत्वपूर्ण अवसर है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित