पटना , मार्च 26 -- भारत की कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी-लेनिनवादी (भाकपामाले) का 12वां बिहार राज्य सम्मेलन आगामी 16-18 मई 2026 को दरभंगा में आयोजित किया जाएगा।

भाकपा माले राज्य सचिव कुणाल ने आज बयान जारी कर कहा कि राज्य सम्मेलन की तैयारी पूरे बिहार में जोर-शोर से चल रही है और फिलहाल विभिन्न जिलों में जिला सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं, जिनके पूरा होने के बाद राज्य स्तर का यह महत्वपूर्ण सम्मेलन आयोजित होगा। उन्होंने राज्य सम्मेलन को पार्टी के संगठनात्मक जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव बताते हुए कहा कि इस सम्मेलन में राज्य की राजनीतिक स्थिति, जन आंदोलनों की दिशा, संगठन के विस्तार तथा आगामी कार्यभार पर व्यापक चर्चा और निर्णय लिए जाएंगे। सम्मेलन में पूरे राज्य से चुने हुए प्रतिनिधि भाग लेंगे, जो अपने-अपने क्षेत्रों के अनुभवों और सुझावों को साझा करेंगे।

श्री कुणाल ने कहा कि पार्टी के संगठन विभाग की ओर से राज्य सम्मेलन के प्रतिनिधियों के चुनाव के लिये अधिसूचना जारी कर दी गई है। इस अधिसूचना के अनुसार पार्टी सदस्यता के आधार पर विभिन्न जिलों से प्रतिनिधियों का चुनाव किया जाएगा। पार्टी का प्रत्येक पूर्ण सदस्य, जो निर्धारित शर्तों को पूरा करता है, प्रतिनिधि पद के लिए चुनाव लड़ सकता है, जिससे संगठन के भीतर लोकतांत्रिक भागीदारी सुनिश्चित होती है।चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के लिए इसे दो चरणों में सम्पन्न कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि बड़े जिलों जैसे भोजपुर, सिवान और पटना ग्रामीण में प्रतिनिधियों का चुनाव एरिया निर्वाचक मंडल द्वारा किया जाएगा, जबकि अन्य जिलों में जिला निर्वाचक मंडल इस जिम्मेदारी का निर्वहन करेगा। इस पूरी प्रक्रिया की निगरानी संगठन विभाग द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों के तहत की जाएगी, जिससे चुनाव निष्पक्ष और लोकतांत्रिक तरीके से सम्पन्न हो सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित