पटना , मई 6 -- भारत की कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी लेनिनवादी (भाकपा-माले) का 12वाँ बिहार राज्य सम्मेलन आगामी 16-18 मई के बीच दरभंगा में आयोजित होगा।

पार्टी के राज्य सचिव कुणाल ने बताया कि सम्मेलन के खुले सत्र में इंडिया गठबंधन के विभिन्न घटक दलों के राज्य स्तर के नेताओं की व्यापक भागीदारी की संभावना है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने इसके लिए औपचारिक रूप से सहयोगी दलों के नेताओं को आमंत्रित किया है।

पार्टी के राज्य सचिव ने बताया कि यह सम्मेलन ऐसे समय में आयोजित हो रहा है, जब देश और बिहार की राजनीतिक परिस्थितियाँ अत्यंत गंभीर दौर से गुजर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में विधानसभा चुनाव के बाद भाजपा ने नीतीश कुमार को किनारे कर सत्ता पर पूरी तरह कब्ज़ा जमा लिया है। वहीं हाल में पाँच राज्यों के चुनाव परिणाम, खासतौर पर पश्चिम बंगाल में भाजपा की अप्रत्याशित जीत और तमिलनाडु में डीएमके की हार ने विपक्ष के सामने नई चुनौतियाँ खड़ी कर दी हैं।

श्री कुणाल ने कहा कि बिहार में बढ़ते बुलडोज़र राज और लोकतांत्रिक संस्थाओं पर हमलों के खिलाफ संघर्ष लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि ऐसे दौर में बिहार एक महत्वपूर्ण राजनीतिक चौराहे पर खड़ा है और लोकतंत्र की रक्षा की ऐतिहासिक जिम्मेदारी उसके सामने है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित