हैदराबाद , मार्च 12 -- तेलंगाना में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) ने गरीबों को आवास स्थलों के आवंटन के लिए दबाव बनाने के लिए 20 मार्च को 'चलो असेंबली' विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया है।

प्रदेश भाकपा सचिव एवं विधायक कूनामनेनी सांबशिव राव ने बुधवार को हैदराबाद में मीडिया को बताया कि पार्टी ने सिंगरेनी कोलियरीज कंपनी लिमिटेड की सुरक्षा के लिए राज्यव्यापी विरोध प्रदर्शन की भी घोषणा की है। इसकी सुरक्षा के लिए पार्टी सप्ताह भर का विरोध प्रदर्शन करेगी और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर अमेरिका के रुख के खिलाफ 16 मार्च को राज्यस्तरीय प्रदर्शन आयोजित करेगी।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अमेरिका की कार्रवाइयों पर चुप्पी तोड़ने और ईरान-इजराइल संघर्ष से जुड़े तनाव समाप्त करने का आह्वान करते हुए बयान जारी करने का आग्रह किया। श्री सांबशिव राव ने तेलंगाना में सत्ताधारी कांग्रेस पार्टी के दृष्टिकोण पर भी नाराजगी जतायी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता और विधायक भाकपा नेताओं का अपमान कर रहे हैं। गठबंधन में मैत्रीपूर्ण संबंध बनाये रखने में विफल रहे हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के साथ गठबंधन के चलते भाकपा ने लगभग 100 पंचायतों में जीत दर्ज की है। साथ ही उन्होंने यह भी दावा किया कि अगर उनकी पार्टी अकेले चुनाव लड़ती तो वह इससे कहीं अधिक सीटें हासिल कर सकती थी। उन्होंने बताया कि भाकपा राज्य समिति कांग्रेस पार्टी के काम करने के तरीके से नाखुश है और समिति ने सुझाव दिया है कि कांग्रेस को अपना रवैया बदलना चाहिए।

यह चेतावनी देते हुए कि यदि स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो पार्टी गठबंधन से दूरी बनाने के लिए तैयार है, उन्होंने कहा कि भाकपा जल्द ही इन मुद्दों पर चर्चा करने के लिए मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी से मिलने का समय मांगेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित