हैदराबाद , जुलाई 12 -- भाकपा के तेलंगाना राज्य सचिव और विधायक दल के नेता कुनमनेनी संभाशिवराव ने आज राजनीतिक दलों से कलेश्वरम परियोजना पर आपसी विवाद खत्म करने और किसानों के लिए सिंचाई का पानी सुनिश्चित करने पर ध्यान देने की अपील की।
वनापर्थी में भाकपा के तीन दिवसीय राजनीतिक प्रशिक्षण शिविर के समापन सत्र को संबोधित करते हुए संभाशिवराव ने कहा कि कलेश्वरम परियोजना पर फैसले राजनीतिक हितों के बजाय केंद्रीय जल आयोग (सीडब्ल्यूसी) की रिपोर्ट के आधार पर होने चाहिए।
कन्नेपल्ली पंप हाउस को चलाने को लेकर बीआरएस और कांग्रेस के अलग-अलग विचारों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि दोनों दलों को उकसावे वाले बयानों से बचना चाहिए।
उन्होंने पालमुरु-रंगारेड्डी लिफ्ट सिंचाई योजना को राष्ट्रीय परियोजना का दर्जा देने, अविभाजित महबूबनगर जिले में लंबित सिंचाई परियोजनाओं को पूरा करने और कांग्रेस सरकार के चुनावी वादों को पूरा करने की मांग की। उन्होंने गरीबों को मकान के लिए जमीन के पट्टे देने की भी मांग की और सरकारी जमीन पर बनी झोपड़ियों को गिराने के खिलाफ चेतावनी दी। भाकपा नेता ने केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ नौ से 16 अगस्त तक देशव्यापी पदयात्राओं और एक सितंबर को नयी दिल्ली में बड़े विरोध प्रदर्शन का एलान करते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं से इन कार्यक्रमों को सफल बनाने की अपील की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित