नयी दिल्ली , अक्टूबर 27 -- भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) ने मंगलवार को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे,मतदाता सूची पुनरीक्षण (एसआईआर) की वापसी और जंतर-मंतर को दोबारा प्रदर्शन स्थल घोषित करने की मांग की।

भाकपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने आज यहां अपने मुख्यालय अजय भवन से आईटीओ तक मानव शृंखला बनायी। कार्यक्रम में पार्टी कार्यकर्ताओं और विभिन्न जन संगठनों के सदस्यों ने हिस्सा लिया।

इस मौके पर भाकपा महासचिव डी. राजा ने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ने जनता का विश्वास खो दिया है। उन्होंने ज्ञानेश कुमार का उनके पद पर बने रहना चुनावी लोकतंत्र की विश्वसनीयता के लिए गंभीर खतरा बताया और उनसे इस्तीफा देने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि एसआईआर के माध्यम से लाखों नागरिकों के नाम मतदाता सूची से हटाये गये हैं, जिससे उनके मतदान के अधिकार पर चोट पहुंची है।

भाकपा और उससे जुड़े जन संगठनों ने एसआईआर तत्काल वापस लेने की मांग की। मानव शृंखला के दौरान जंतर-मंतर को प्रदर्शन स्थल की अधिसूचना से बाहर किये जाने की भी निंदा की गयी। पार्टी ने इसे लोकतांत्रिक विरोध की आवाज दबाने का प्रयास बताते हुए जंतर-मंतर को तत्काल दोबारा खोलने की मांग की।

कार्यक्रम में अमरजीत कौर, राज्यसभा सांसद पी. संदोष कुमार, एन ई राजा, पी.पी. सुनीर, प्रो. दिनेश वर्मा और अन्य नेताओं ने भाग लिया। भाकपा ने लोकतंत्र, मताधिकार और स्वतंत्र एवं पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया की रक्षा के लिए सभी लोकतांत्रिक ताकतों से एकजुट होने की अपील की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित