नयी दिल्ली , फरवरी 24 -- केरल राज्य का नाम बदल कर केरलम करने के प्रस्ताव को मंत्रिमंडल की मंगलवार को मंजूरी मिलने का भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) ने गर्मजोशी से स्वागत किया है। पार्टी ने इसे राज्य की जनता की लंबे समय से चली आ रही लोकतांत्रिक मांग की ऐतिहासिक जीत बताया।
भाकपा ने मंगलवार को बयान जारी कर कहा कि "केरलम" नाम मलयालम भाषा, सांस्कृतिक पहचान और ऐतिहासिक विरासत से गहराई से जुड़ा हुआ है। यह फैसला अंग्रेजी नाम को सुधारने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है और भारत की बहुभाषी एवं संघीय संरचना को मजबूत करता है।
पार्टी ने याद दिलाया कि जून 2024 में केरल विधानसभा ने मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन द्वारा पेश प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पारित कर केंद्र सरकार से नाम परिवर्तन की मांग की थी। यह प्रस्ताव राज्य में व्यापक राजनीतिक और सामाजिक सहमति का प्रतीक था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित