डेटन (अमेरिका)/ चंडीगढ़ , सितंबर 18 -- प्रसिद्ध सिख कवि भाई वीर सिंह की कश्मीर से संबंधित कविताओं के संग्रह 'मटक हुलारे' के अंग्रेजी संस्करण 'सिंगिंग रिदम्स ऑफ ग्रेस ' का यहां सिख सोसायटी ऑफ डेटन में विमोचन किया गया। पुस्तक का अंग्रेजी अनुवाद डॉ. जसबीर सिंह सरना ने किया है।

डॉ चरणजीत सिंह गुमटाला ने शुक्रवार को यहां जारी बयान में बताया कि पुस्तक में मूल पंजाबी कविताओं के साथ उनका रोमन लिप्यंतरण, अंग्रेजी अनुवाद और व्याख्यात्मक टिप्पणी दी गई है। इसमें भाई वीर सिंह की कश्मीर संबंधी कविताओं में व्यक्त प्रकृति, आध्यात्मिकता, प्रेम और सौंदर्यबोध को अंग्रेजी पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है।

समारोह में वक्ताओं ने कहा कि भाई वीर सिंह की रचनाओं में कश्मीर महज भौगोलिक क्षेत्र नहीं, बल्कि आध्यात्मिक और सौंदर्यात्मक अनुभव के रूप में उभरता है। उन्होंने कहा कि अंग्रेजी अनुवाद से यह साहित्यिक विरासत विदेशों में रह रही नई पीढ़ी तक पहुंच सकेगी। डॉ. सरना अब तक 72 पुस्तकों का लेखन और संपादन कर चुके हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित