बारां , अप्रैल 17 -- राजस्थान में बारां में अवैध बजरी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से दो मासूम भाई-बहन की हुई मौत के बाद शहर और आसपास के इलाकों के लोगों में भारी आक्रोश फैल गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह आक्रोशित परिजन, स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने शाहाबाद रोड स्थित मंडोला वार्ड पुलिया पर एकत्र होकर रास्ता अवरुद्ध कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर टायर जलाकर विरोध जताया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
गुस्साए लोगों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध बजरी खनन और परिवहन जारी है, जिसकी शिकायतें कई बार प्रशासन को दी गईं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसी लापरवाही का खामियाजा गुरुवार को मासूम बच्चों को अपनी जान गंवाकर चुकाना पड़ा। लोगों ने मौके पर जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को बुलाने की मांग की। उनका कहना था कि जब तक दोषी वाहन चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई, अवैध बजरी परिवहन पर पूर्ण रोक और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा नहीं दिया जाएगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि मामले की निष्पक्ष जांच करके दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही अवैध खनन और परिवहन पर सख्ती से रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जायेगा।
काफी देर तक चले विरोध प्रदर्शन के कारण बारां शहर के शाहाबाद मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित रहा, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। बाद में प्रशासन के आश्वासन के बाद आंशिक रूप से रास्ता खुलवाया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित