हरिद्वार , सितंबर 07 -- उत्तराखंड में हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर जिले में चलाए जा रहे सघन जांच अभियान के तहत रविवार देर रात कोतवाली नगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को दो अवैध पिस्टल और 10 जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार आरोपी वर्ष 2010 में हुई अपने भाई की हत्या का बदला लेने के लिए उसके कथित हत्यारों की तलाश में था। पुलिस की सतर्कता से संभावित गैंगवार की बड़ी वारदात टल गई। पुलिस ने मामले का खुलासा सोमवार को किया है।

एसएसपी सिंह ने आज बताया कि कोतवाली नगर पुलिस टीम चित्रकूट घाट के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर सकपकाता नजर आया। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। उसके कंधे पर टंगे पीठू बैग की तलाशी लेने पर उसमें से 32 बोर की दो पिस्टल, दो मैगजीन और 10 कारतूस बरामद हुए। हथियारों के संबंध में लाइसेंस मांगने पर आरोपी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित