जयपुर , अक्टूबर 23 -- राजस्थान की राजधानी जयपुर में भांकरोटा के अति प्राचीन एवं अतिशय क्षेत्र दिगंबर जैन मंदिर का दो दिवसीय वार्षिक मेला शनिवार एवं रविवार को आर्यिका विष्णुप्रभा माताजी ससंघ के सानिध्य में श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ आयोजित होगा।

अखिल भारतीय दिगंबर जैन युवा एकता संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभिषेक जैन बिट्टू एवं मेला मुख्य संयोजक नगेन्द्र सेठी ने बताया कि मेले के दौरान श्रीजी के कलशाभिषेक, शांतिधारा, मंगल प्रवचन, विधान पूजन एवं सामूहिक गोठ सहित विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम होंगे। उन्होंने बताया कि मेले के प्रथम दिन शनिवार को प्रातः 6 बजे आर्यिका विष्णुप्रभा माताजी ससंघ का कमला नेहरू नगर दिगंबर जैन मंदिर से विहार प्रारंभ होगा।

अजमेर रोड बस स्टैंड होते हुए बैंड-बाजों एवं जैन धर्म के जयकारों के बीच माताजी ससंघ का मंदिर परिसर में भव्य मंगल प्रवेश होगा। इसके पश्चात आर्यिका संघ के सानिध्य एवं मुखारविंद से श्रीजी के कलशाभिषेक एवं शांतिधारा का आयोजन होगा।इस अवसर पर आर्यिका विष्णुप्रभा माताजी श्रद्धालुओं को मंगल आशीर्वचन प्रदान कर धर्म एवं जीवन मूल्यों का संदेश देंगी। उन्होंने बताया कि वार्षिक मेले का मुख्य आयोजन रविवार को प्रातः सात बजे श्रीजी के कलशाभिषेक एवं शांतिधारा के साथ प्रारंभ होगा। प्रातः आठ बजे आर्यिका श्री विष्णुप्रभा माताजी के मंगल प्रवचन होंगे। इसके पश्चात प्रातः साढ़े नौ बजे आर्यिका संघ की आहारचर्या संपन्न होगी तथा पूर्वाह्न 11:15 बजे आर्यिका संघ के सानिध्य में विधान पूजन प्रारंभ होगा।

पूजन के पश्चात आमंत्रित अतिथियों एवं आयोजन में सहयोग देने वाले सहयोगियों का सम्मान एवं अभिनंदन किया जाएगा। इसके बाद समाज की सामूहिक गोठ का आयोजन होगा। संध्याकालीन सत्र में श्रीजी की महामंगल आरती की जाएगी। तत्पश्चात ब्रह्मचारिणी शैली दीदी के प्रवचन होंगे, जिनके साथ दो दिवसीय वार्षिक मेले का समापन होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित