उज्जैन , जून 05 -- मध्यप्रदेश के श्री महाकालेश्वर मंदिर में भस्म आरती व्यवस्था के औचक निरीक्षण के दौरान तीन प्रकरणों में अनियमितता पाए जाने पर महाकाल थाना में मामले दर्ज कराए गए हैं।
श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति के उप प्रशासक आशीष फलवालिया ने बताया कि मंदिर के प्रशासक एवं अपर कलेक्टर प्रथम कौशिक ने बीती मध्यरात्रि औचक निरीक्षण कर प्रातःकालीन भस्म आरती व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान नीलकंठ द्वार तथा अन्य प्रवेश मार्गों से आने वाले श्रद्धालुओं की अनुमति संबंधी व्यवस्थाओं की जांच की गई और श्रद्धालुओं से सुझाव भी प्राप्त किए गए।
जांच के दौरान तीन श्रद्धालुओं ने शिकायत की कि भस्म आरती की अनुमति दिलाने के नाम पर उनसे प्रति व्यक्ति 2500 रुपये अतिरिक्त राशि वसूली गई। शिकायत के आधार पर रात्रि लगभग डेढ़ बजे महाकाल थाना में प्रकरण दर्ज कराया गया।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी है। निरीक्षण के बाद मंदिर प्रशासक ने श्रद्धालुओं की सुविधाओं के बेहतर संचालन और शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। साथ ही भस्म आरती के लिए नीलकंठ प्रवेश द्वार को एकमात्र प्रवेश द्वार बनाए जाने के निर्देश भी जारी किए गए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित