पटना , मई 11 -- बिहार सरकार में भवन निर्माण विभाग की मंत्री लेशी सिंह ने सोमवार को कहा कि विभाग की योजनाओं को समय पर पूरा करना और गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता होगी।
श्रीमती सिंह ने विश्वेश्वरैया भवन स्थित कार्यालय कक्ष में भवन निर्माण विभाग की मंत्री का पदभार ग्रहण करने के बाद विभागीय अधिकारियों एवं अभियंताओं के साथ बैठक की । इस अवसर पर विभाग के सचिव कुमार रवि सहित अन्य अधिकारियों, अभियंताओं एवं कर्मचारियों ने पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत किया।
पदभार संभालने के बाद मंत्री ने विभाग की ओर से संचालित योजनाओं और उनकी कार्यान्वयन स्थिति की विस्तृत जानकारी ली। विभागीय सचिव ने उन्हें विभाग की संरचना एवं कार्यप्रणाली से अवगत कराया। विभाग की योजनाओं की जानकारी पीपीटी प्रस्तुति के माध्यम से दी गई।
बैठक में राज्य की आईकॉनिक इमारतों एवं अन्य विभागीय योजनाओं की भी विस्तृत जानकारी दी गई। मंत्री को बताया गया कि हाल के वर्षों में भवन निर्माण विभाग ने बापू टावर, राजगीर खेल परिसर, बुद्ध सम्यक दर्शन संग्रहालय एवं स्मृति स्तूप, एपीजे अब्दुल कलाम साइंस सिटी तथा पटना समाहरणालय सहित कई महत्वपूर्ण भवनों का निर्माण कराया है। इसके अलावा कार्यालय भवन, पंचायत सरकार भवन, आवासीय विद्यालय एवं प्रखंड कार्यालय जैसी योजनाओं की अद्यतन स्थिति से भी उन्हें अवगत कराया गया।
श्रीमती सिंह ने कहा कि निर्माण कार्यों को तेजी और पारदर्शिता के साथ पूरा किया जाएगा तथा विभिन्न स्तरों पर नियमित समीक्षा कर योजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण कराने का प्रयास किया जाएगा।
इस अवसर पर विभाग के सभी वरिष्ठ पदाधिकारी, अभियंतागण एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित