लखनऊ , मार्च 17 -- लखनऊ में आयुर्वेदिक फार्मासिस्ट भर्ती में देरी से नाराज़ अभ्यर्थियों ने मंगलवार को अनोखे तरीके से विरोध प्रदर्शन किया। अभ्यर्थी कटोरा लेकर भीख मांगते हुए हजरतगंज चौराहे से विधानसभा घेराव के लिए निकले, लेकिन पुलिस ने उन्हें जीपीओ के पास ही रोक लिया।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वर्ष 2024 की भर्ती प्रक्रिया कोर्ट में लंबित है और अब तक 53 तारीखें लग चुकी हैं, लेकिन कोई निर्णय नहीं आया। इससे हजारों युवाओं का भविष्य अधर में लटक गया है। अभ्यर्थी सूरज सिंह ने कहा कि वे पिछले दो वर्षों से बेरोजगार हैं और लगातार निराशा झेल रहे हैं।

उनका आरोप है कि सरकारी पक्ष की कमजोर पैरवी के कारण मामला लंबा खिंच रहा है। कुछ अभ्यर्थियों ने यह भी दावा किया कि कई साथी मानसिक तनाव में आत्महत्या कर चुके हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित