चंडीगढ़ , अगस्त 13 -- पंजाब प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने राज्य में सरकारी भर्तियों की पारदर्शिता और विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि 41 ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर और 44 क्लस्टर कोऑर्डिनेटर की भर्ती प्रक्रिया पर पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय की रोक लगने से भगवंत मान सरकार की भर्ती व्यवस्था की विफलता एक बार फिर उजागर हुई है।

श्री ढिल्लों ने कहा कि यह कार्रवाई फार्मेसी ऑफिसर पेपर लीक मामले में न्यायिक हस्तक्षेप के तुरंत बाद हुई है।चयन प्रक्रिया में निर्धारित 100 अंकों में से 30 अंक साक्षात्कार, योग्यता और अनुभव के लिए निर्धारित थे , लेकिन परिणाम घोषित करते समय पारदर्शिता नहीं बरती गयी। अभ्यर्थियों के व्यक्तिगत अंकों को सार्वजनिक करने के बजाय केवल कुल अंक प्रदर्शित किये गये, जिससे पूरी प्रक्रिया की निष्पक्षता और विश्वसनीयता पर सवाल उठे। उन्होंने कहा कि न्यायालय की ओर से गठित समिति ने जब भर्ती से संबंधित रिकॉर्ड की जांच की तो अंकों के आवंटन में गंभीर अनियमितताएं सामने आयी। इन परिस्थितियों को देखते हुए अदालत को पूरी भर्ती प्रक्रिया पर रोक लगानी पड़ी।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि अदालत ने सरकार द्वारा इतनी महत्वपूर्ण परीक्षा का जिम्मा एक निजी कंपनी को सौंपे जाने पर भी कड़ी टिप्पणी की है, जिसके पास कथित तौर पर ऐसी परीक्षा आयोजित करने के लिए आवश्यक मान्यता और क्षमता नहीं थी। उन्होंने कहा कि पंजाब में एक के बाद एक भर्ती परीक्षाएं पेपर लीक, अनियमितताओं, भ्रष्टाचार और लापरवाहीपूर्ण आउटसोर्सिंग की वजह से विवादों में घिर रही हैं। इसका सबसे बड़ा खामियाजा उन मेहनती युवाओं को भुगतना पड़ रहा है, जो सरकारी नौकरी की तैयारी में वर्षों लगा देते हैं। उन्होंने कहा, "युवाओं के लिए पारदर्शी और निष्पक्ष भर्ती व्यवस्था सुनिश्चित करने के बजाय भगवंत मान सरकार जब भी भर्ती प्रक्रिया पर सवाल उठते हैं, जिम्मेदारी से बचने का प्रयास करती है। मुख्यमंत्री भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल को पंजाब के युवाओं को जवाब देना चाहिए कि सरकारी भर्तियों में बार-बार ऐसी अनियमितताएं और विवाद क्यों सामने आ रहे हैं।"श्री ढिल्लों ने कहा कि पंजाब के युवा और विद्यार्थी अब इस विफल व्यवस्था की वास्तविकता समझ चुके हैं। उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में पंजाब की जनता इस विफल और गैर-जिम्मेदार सरकार को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखायेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित