जालंधर , अगस्त 17 -- पंजाब सरकार पर भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं, पेपर लीक और प्रशासनिक लापरवाही के आरोप लगाते हुए पंजाब यूथ कांग्रेस ने सोमवार को जालंधर में डिप्टी कमिश्नर कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कैबिनेट मंत्री हरजोत सिंह बैंस के तत्काल इस्तीफे की मांग की।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए पंजाब यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष शुभम शर्मा 'शुबी' ने आम आदमी पार्टी सरकार पर राज्य के विद्यार्थियों और नौकरी के इच्छुक युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मेहनत करने वाले उम्मीदवार वर्षों तक तैयारी करते हैं, लेकिन परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और अनियमितताओं के कारण उनकी मेहनत प्रभावित हो रही है। श्री शर्मा ने कहा कि शिक्षा और भर्ती व्यवस्था में कथित खामियों की राजनीतिक जिम्मेदारी तय होनी चाहिए और मंत्री हरजोत सिंह बैंस को पद से इस्तीफा देना चाहिए।
यूथ कांग्रेस ने अपने आरोपों के समर्थन में पीपीएससी नायब तहसीलदार परीक्षा, पीएसटीईटी पेपर-2, पीएसईबी 12वीं कक्षा अंग्रेजी बोर्ड परीक्षा, एग्रीकल्चर डेवलपमेंट ऑफिसर (एडीओ) भर्ती, पीएसएसएसबी ग्रुप-बी परीक्षा तथा फार्मासिस्ट ऑफिसर भर्ती में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक से जुड़े मामलों का उल्लेख किया।
जालंधर शहरी यूथ कांग्रेस के जिला अध्यक्ष अंगद दत्ता ने कहा कि भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों से योग्य युवाओं में निराशा बढ़ रही है और उन्हें विदेश जाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। उन्होंने सभी मामलों की समयबद्ध न्यायिक जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी आपराधिक कार्रवाई की मांग की।
पंजाब यूथ कांग्रेस के महासचिव दीपक खोसला ने परीक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार की मांग करते हुए प्रश्नपत्रों की सुरक्षित ढुलाई, बहु-स्तरीय बायोमेट्रिक जांच, परीक्षा केंद्रों पर एआई आधारित सीसीटीवी निगरानी और नकल गिरोहों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
जालंधर ग्रामीण यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष मनप्रीत सिंह चड्ढा ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने कथित पेपर लीक और भर्ती अनियमितताओं के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की तो यूथ कांग्रेस राज्य के सभी जिला मुख्यालयों पर आंदोलन तेज करेगी।
प्रदर्शन के दौरान उपायुक्त को सौंपे ज्ञापन में यूथ कांग्रेस ने कैबिनेट मंत्री हरजोत सिंह बैंस के इस्तीफे, सभी विवादित भर्ती एवं पात्रता परीक्षाओं की स्वतंत्र और समयबद्ध न्यायिक जांच तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी आपराधिक कार्रवाई की मांग की।
इसके अलावा प्रभावित उम्मीदवारों को मुआवजा, आयु सीमा में राहत और निष्पक्ष पुनर्परीक्षा का अवसर देने, परीक्षा प्रक्रिया में आधुनिक सुरक्षा व्यवस्था लागू करने तथा लंबित भर्ती जांच और पेपर लीक मामलों पर विस्तृत श्वेतपत्र जारी करने की मांग भी की गई। यूथ कांग्रेस ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और भ्रष्टाचार मुक्त बनाने तथा युवाओं की योग्यता और मेहनत का सम्मान बहाल होने तक आंदोलन जारी रखा जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित