पटना , जून 21 -- भोजपुर जिले के शाहपुर प्रखंड के बेलौटी गांव निवासी भरत भूषण तिवारी की कथित पुलिस एनकाउंटर में हुई मौत के विरोध में जन सुराज पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कारगिल चौक पर रविवार को प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती के नेतृत्व में कैंडल मार्च निकालकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया।

श्री भारती ने इस दौरान संवाददाताओं से बात करते हुए कहा कि इस मार्च का उद्देश्य पीड़ित को न्याय दिलाने की मांग को मजबूत करना तथा समाज में शांति और एकजुटता का संदेश देना है। उन्होंने कहा कि जिस तरह एक सामाजिक कार्यकर्ता की कथित एनकाउंटर में मौत हुई है, वह बेहद दुखद और निंदनीय है।

जनसुराज के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भरत तिवारी वर्षों से जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाते रहे थे। जो व्यक्ति जनहित के लिए संघर्ष कर रहा हो, उसकी इस तरह मौत होना गंभीर चिंता का विषय है।

श्री भारती ने सरकार से मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के लिए शीघ्र न्यायिक जांच कराई जाए। जांच पूरी होने तक कार्रवाई में शामिल सभी अधिकारियों को निलंबित किया जाए। साथ ही पीड़ित परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी और एक करोड़ रुपये मुआवजा दिया जाए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित