आरा, जून 25 -- भोजपुर जिले के शाहपुर थाना के बिलौटी में 17 जून को हुए कथित पुलिस एनकाउंटर में मारे गए भरत भूषण तिवारी मामले की न्यायिक जांच शुरू हो गई है।

सरकार की ओर से न्यायिक जांच के लिए को बनाई गई कमिटी के अध्यक्ष अवकाश प्राप्त न्यायधीश विनोद कुमार सिन्हा जांच के सिलसिले में आज अधिकारियों की टीम के साथ बिलौटी गांव पहुंचे। उनके साथ शाहाबाद प्रक्षेत्र के डीआईजी सत्य प्रकाश, भोजपुर के डीएम तनय सुल्तानिया तथा एसपी श्री राज भी मौजूद थे।

जस्टिस विनोद कुमार सिन्हा ने मृतक के परिजनों से बंद कमरे में विस्तार से बातचीत की और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी ली। बातचीत के दौरान परिजनों ने बताया कि वे काफी भयभीत हैं। उनका आरोप था कि थाना पुलिस के जवान किसी भी समय उनके घर पहुंच जाते हैं, जिससे पूरे परिवार में डर का माहौल बना रहता है। परिजनों ने यह भी कहा कि हाल ही में महिला पुलिसकर्मी के आने से परिवार के लोग और अधिक परेशान हो गए हैं।

जस्टिस सिन्हा ने इस मुलाकात के बाद परिजनों को आश्वस्त किया कि बेजरूरत किसी भी थाना की पुलिस उनके घर नहीं आएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित