मुंबई , मार्च 17 -- निर्देशक भरत कृष्णमाचारी ने बताया है कि इस फिल्म के जरिए उनका मकसद भारत के उस 'स्वर्ण युग' (गोल्डन ऐरा) को दिखाना है, जब हमारा देश दुनिया की एक बड़ी महाशक्ति था।

भरत कृष्णमाचारी ने कहा, "इस फिल्म के जरिए हमारी कोशिश भारत के उस सुनहरे दौर पर रोशनी डालने की है, जब हम एक बड़ी नौसैनिक शक्ति थे और हमारा साम्राज्य न केवल दक्षिण भारत, बल्कि पूरे देश में बेहद समृद्ध था। चीन जैसे पूर्वी देशों और रोम व ग्रीस जैसे पश्चिमी देशों के साथ हमारा व्यापार बहुत फैला हुआ था और हमने दक्षिण-पूर्वी एशिया तक अपनी जीत दर्ज की थी। उस समय भारत आर्थिक और तकनीकी रूप से इतना आगे था कि जैसे आज आजादी के बाद भारतीय अमेरिका जाना चाहते हैं, उस समय पूरी दुनिया भारत आना चाहती थी। इसकी वजह यह थी कि तब हम एक महाशक्ति थे। यह फिल्म उसी 'सुपरपावर युग' की शुरुआत के बारे में बात करती है।

भरत कृष्णमाचारी के निर्देशन में बन रहे इस प्रोजेक्ट में 'केजीएफ' और 'सालार' फेम रवि बसरूर का संगीत है। वहीं, 'बाहुबली' और 'आरआरआर ' जैसी फिल्मों में अपनी कला का जादू बिखेरने वाले सिनेमैटोग्राफर के.के. सेंथिल कुमार इसके विजुअल्स को शानदार बना रहे हैं। एडिटिंग की जिम्मेदारी 'बाहुबली' फेम तम्मीराजू संभाल रहे हैं, साथ ही कई अन्य जाने-माने कलाकार भी इस टीम का हिस्सा हैं। लगभग 170 दिनों की लंबी शूटिंग के साथ, यह प्रोजेक्ट हाल के समय के सबसे बड़े और महत्वाकांक्षी निर्माणों में से एक है।

'पिक्सेल स्टूडियोज' के भुवन और श्रीकर द्वारा निर्मित फिल्म 'स्वयंभू' भारत के समृद्ध इतिहास और गौरवशाली विरासत को एक महाकाव्य के रूप में पेश करने वाली है। यह फिल्म समर 2026 में पूरी दुनिया के सिनेमाघरों में रिलीज के लिए तैयार है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित