भोजपुर, जून 19 -- जनसुराज के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने शुक्रवार को कहा कि भोजपुर जिले के बेलौटी गांव में एक सामाजिक कार्यकर्ता की कथित एनकाउंटर में मौत बेहद दुखद तथा निंदनीय है।

श्री भारती के नेतृत्व में जनसुराज का एक प्रतिनिधिमंडल जिले के बेलौटी गांव में पुलिस एनकाउंटर में हुई भरत भूषण तिवारी की मौत के बाद पीड़ित परिवार से मिलने उनके गांव पहुंचा और पूरे मामले की जानकारी ली।

श्री भारती ने पीड़ित के परिजनों से मिलने के बाद कहा कि भरत तिवारी वर्षों से जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाते रहे थे। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति जनहित के लिए संघर्ष कर रहा हो, उसकी इस तरह मौत होना गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने सरकार से भरत तिवारी की पोस्टमार्टम रिपोर्ट तत्काल सार्वजनिक करने की मांग की और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के लिए शीघ्र एसआईटी का गठन करने को कहा। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने तक कार्रवाई में शामिल सभी अधिकारियों को निलंबित किया जाए। उन्होंने पीड़ित परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी तथा एक करोड़ रुपए मुआवजा देने की भी मांग की।

प्रतिनिधिमंडल में शामिल जन सुराज पार्टी के नेता किशोर कुमार मुन्ना ने कहा कि मामले में पुलिस प्रशासन निष्पक्ष तरीके से कार्य करने में विफल रहा है। उन्होंने मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने तथा दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि जन सुराज पार्टी पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है और न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रखेगी।

इस अवसर पर जनसुराज की वरिष्ठ नेता पद्मा ओझा, जिला अध्यक्ष राजीव सिंह , महामंत्री कमलेश्वर मिश्रा, जिला मुख्य प्रवक्ता रूपेंद्र समेत कई कार्यकर्ता मौजूद थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित