भरतपुर , जून 21 -- राजस्थान में भरतपुर संभाग के चार जिलों भरतपुर, धौलपुर, करौली एवं सवाई माधोपुर में रविवार को री-नीट परीक्षा कड़े सुरक्षा प्रबंधों के बीच शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न हुई।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाये रखने के लिए अभ्यर्थियों को केंद्रों में प्रवेश से पहले त्रिस्तरीय सुरक्षा जांच से गुजरना पड़ा जिसकी बजह से संभाग में कहीं से भी किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अनुचित गतिविधि की सूचना नहीं मिली।

प्रशासनिक सूत्रों ने बताया कि परीक्षा केंद्रों पर निर्धारित समय से पहले ही जांच प्रक्रिया शुरू कर दी गयी थी। परीक्षा केंद्रों के आसपास सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किये गये थे। सभी केंद्रों पर अभ्यर्थियों का बायोमेट्रिक सत्यापन किया गया और पहचान की पुष्टि के बाद ही उन्हें परीक्षा कक्ष में प्रवेश मिला।

इसके अलावा सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी रखी गयी और प्रश्नपत्रों के सुरक्षित परिवहन और वितरण के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गईं। इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से होने वाली किसी भी अनुचित गतिविधि को रोकने के लिए परीक्षा केंद्रों पर जैमर लगाये गये थे। मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस और कैलकुलेटर सहित सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूर्ण प्रतिबंध था।

प्रत्येक परीक्षा केंद्र के 300 मीटर के दायरे में प्रवेश निषिद्ध क्षेत्र लागू किया गया। इसके साथ ही ई-मित्र और सायबर कैफे बंद करवाए गए। परीक्षा केंद्रों पर एक-एक ड्यूटी मजिस्ट्रेट एवं एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी की तैनाती की गयी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित