भरतपुर , मई 21 -- राजस्थान में भरतपुर संभाग में गुरुवार को भीषण गर्मी के चलते आम जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है।
संभागीय मुख्यालय भरतपुर में गुरुवार को अधिकतम तापमान 45.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचने के साथ ही नगर निगम प्रशासन ने आमजन को झुलसती गर्मी से फौरी राहत देने और प्रदूषण के स्तर में गिरावट लाने के उद्देश्य से सड़कों पर प्रदूषण निरोधक मशीन को उतारा है। करीब आठ हजार लीटर पानी की क्षमता वाली यह मशीन शहर के मुख्य बाजारों और प्रमुख मार्गों पर घूमकर पानी का छिड़काव कर रही है, जिससे वातावरण और सड़कों को ठंडा किया जा सके।
मौसम विभाग की आगामी 29 मई तक इस तपती गर्मी से राहत मिलने की कोई संभावना नहीं होने और आने वाले दिनों में पारे में और भी बढ़ोत्तरी के पूर्वानुमान के चलते लोग सूती कपड़ों से शरीर ढककर अनिवार्य कार्यों के लिए ही घरों से बाहर निकल रहे हैं।बढ़ते तापमान के कारण लोग घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं, जिससे दोपहर के समय संभाग की सड़कों पर पूरी तरह सन्नाटा पसरा नजर आ रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित