भरतपुर , मार्च 30 -- राजस्थान में भरतपुर के नदबई कस्बे में 25 मार्च की देर शाम हुए सर्राफा व्यवसायी योगेंद्र चोपड़ा की निर्मम हत्या और करीब 60 लाख के जेवरात की लूट के विरोध में कस्बे में सभी प्रमुख धार्मिक आयोजनों को स्थगित करने का निर्णय लिया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस द्वारा अब तक आरोपियों का सुराग न लगा पाने पर विरोध जाहिर करते हुए कस्बे के सिद्ध श्री प्राचीन काशीनाथ बालाजी मंदिर समिति ने दो अप्रैल को हनुमान जयंती के अवसर पर निकाली जाने वाली भव्य शोभायात्रा को इस वर्ष रद्द कर दिया है।

इसी क्रम में कस्बे के वर्तमान हालातों और शोकाकुल माहौल को देखते हुए सर्वसम्मति से नदबई के प्रसिद्ध प्राचीन रथ मेले के कार्यक्रमों को भी स्थगित कर दिया गया है। कस्बे के व्यापारिक और धार्मिक संगठनों ने प्रशासन से जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग भी की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित