भरतपुर , अगस्त 29 -- राजस्थान में भरतपुर में निकाय चुनाव की चल रही प्रक्रिया के दौरान शनिवार को नगर निगम पर आदर्श आचार संहिता के खुले उल्लंघन का आरोप लगाते चुनाव मैदान में उतरे प्रत्याशियों ने हंगामा कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार निगम परिसर के हुए हंगामे में बड़ी संख्या में आक्रोशित प्रत्याशियों ने आरोप लगाया कि आदर्श आचार संहिता लागू हो जाने के बाद भी निगम के सफाई कर्मचारी अब भी निवर्तमान पार्षदों के अधीन काम कर रहे हैं जिससे चुनाव के दौरान मतदाताओं के प्रभावित होने की पूरी आशंका है।

प्रत्याशियों ने कहा कि इस मामले को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी ने भी कोई ध्यान नहीं दिया है। इस व्यवस्था के जारी रहने से निवर्तमान पार्षद मतदाताओं को अपने पक्ष में प्रभावित कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी है कि तुरंत ही इस व्यवस्था को वापिस नही लिया गया तो वे धरना प्रदर्शन करके चुनाव आयोग को शिकायत दर्ज करायेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित