भरतपुर , जून 07 -- उत्तराखंड में नैनीताल की काठगोदाम पुलिस और विशेष अभियान दल (एसओजी) के संयुक्त दल द्वारा करीब एक करोड़ 85 लाख रुपये कीमत की 618 ग्राम स्मैक ले जाते गिरफ्तार किए गए राजस्थान में भरतपुर शहर के दो सगे भाइयों की गिरफ्तारी के बाद भरतपुर पुलिस सर्तक हो गयी है।

भरतपुर में पुलिस के उच्चस्तरीय सूत्रों ने रविवार को बताया कि भरतपुर के अटलबंद थाना अंतर्गत धाऊ पायसा निवासी गजब सिंह और सीताराम के आपराधिक रिकार्ड को खंगाला जा रहा है। आरोपी गजब सिंह का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ भरतपुर में आबकारी अधिनियम और मादक द्रव्य एवं मनोत्तेजक पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत पहले से ही चार गंभीर मामले दर्ज हैं।

आरोपी सीताराम का भाई गजब सिंह भरतपुर में एक आरओ संयंत्र में काम करता है, जबकि वह खुद एक टैक्सी चालक है। सीताराम की ससुराल जाड़ापानी (मुक्तेश्वर उत्तराखंड) में है। आरोपी अपने मामा की टैक्सी लेकर राजस्थान से हल्द्वानी पहुंचे थे। उनकी योजना काठगोदाम रेलवे स्टेशन पर किसी अज्ञात व्यक्ति को स्मैक की यह खेप सौंपने की थी, जिसके बाद वे मुक्तेश्वर स्थित ससुराल जाने वाले थे, लेकिन डिलीवरी से पहले ही वे पुलिस के हत्थे चढ़ गए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित