भरतपुर , सितंबर 18 -- राजस्थान के भरतपुर में नगर निगम के महापौर चुनाव में कांग्रेस समर्थित निर्दलीय प्रत्याशी विचित्रा सिंह ने शुक्रवार को अपना नामांकन पत्र वापस ले लिया।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के गृह जिला भरतपुर में नगर निगम के महापौर पद पर चुनाव लड़ रही विचित्रा सिंह ने गृह मंत्री जवाहर सिंह बेढम की मौजूदगी में अपना नामांकन पत्र वापस लिया। श्री बेढम निर्दलीय प्रत्याशी विचित्रा सिंह का नामांकन वापस करवाने के लिए नगर निगम पहुंचे। महापौर के चुनाव में अब केवल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रत्याशी अनुराधा सिंह रह गयी हैं और यहां भाजपा का मेयर बनना तय है।
भाजपा की प्रत्याशी अनुराधा वार्ड संख्या 61 से पार्षद का चुनाव जीता है। नामांकन पत्र वापस लेने से पहले श्री बेढम ने कहा कि श्री भोंट भरतपुर में सभापति एवं मेयर रहे हैं और उन्होंने भरतपुर के विकास के गति को आगे बढ़ाने में बड़ा योगदान दिया। इस अवसर पर श्री भोंट ने कहा कि मुख्यमंत्री भरतपुर का विकास कर रहे हैं। उस विकास की गति को आगे बढ़ाते हुए श्री बेढ़म के निर्देशन में हमने यह फैसला किया है कि हम अपना पर्चा वापस लें।
उल्लेखनीय है कि गुरुवार को विचित्रा सिंह के पति एवं पूर्व महापौर शिव सिंह भोंट के होटल एवं कालेज पर कथित बीडीए की छापेमारी के बाद विचित्रा सिंह के परिजन भाजपा सरकार पर नामांकन वापस लेने के लिए दबाव बनाने का आरोप लगा रहे थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित