जयपुर , सितम्बर 30 -- राजस्थान में औषधि नियंत्रण विभाग ने भरतपुर जिले के बयाना तहसील के खटनावाली गांव में एक सूखे कुएं से करीब पांच करोड़ रुपये की दवाइयों का जखीरा बरामद किया गया है।

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ ने बताया कि सूचना मिलने पर सहायक औषधि नियंत्रक, भरतपुर के नेतृत्व में औषधि नियंत्रण अधिकारियों की टीम ने स्थानीय पुलिस एवं ग्रामीणों के सहयोग से कार्रवाई की। टीम ने सूखे कुएं से करीब 274 कार्टून दवाइयां बरामद कर नियमानुसार जब्त की हैं। बरामद दवाइयों का अनुमानित बाजार मूल्य करीब पांच करोड़ रुपये है।

उन्होंने बताया कि बरामद दवाइयों में मुख्य रूप से हृदय रोग, डायबिटीज और एलर्जी के उपचार में उपयोग होने वाली दवाइयां शामिल हैं। इनमें लोसार-50, जानुमेट, केटोरोल-एम, एलेग्रा-एम और जालरा जैसी दवाइयां शामिल हैं।

औषधि नियंत्रण आयुक्त अविचल चतुर्वेदी ने बताया कि इतनी बड़ी मात्रा में दवाइयों को सूखे कुएं में छिपाकर रखना प्रथम दृष्टया गंभीर और संदिग्ध मामला प्रतीत होता है। बरामद दवाइयों की वास्तविकता, गुणवत्ता, बैच नंबर, निर्माण एवं समाप्ति तिथि, स्रोत तथा पूरी सप्लाई चेन की निर्माता स्तर से विस्तृत जांच की जा रही है।

उन्होंने बताया कि यह भी जांच की जा रही है कि कहीं अवधि-पार दवाइयों को किसी निर्माता, डिपो या सीएंडएफ से अवैध रूप से निकालकर अथवा चोरी कर उनकी अवधि-पार तिथि बदलकर दोबारा बाजार में बेचने के उद्देश्य से तो नहीं छिपाया गया था। इन सभी तथ्यों का सत्यापन जांच और प्रयोगशाला परीक्षण के आधार पर किया जायेगा।

मौके पर औषधि नियंत्रण अधिकारी भरतपुर कोमुदी सिंह द्वारा दवाइयों की गुणवत्ता जांच के लिए 10 नमूने लिए गये हैं। बरामद दवाइयों को जब्त कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गयी है। मामले में लिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराने की कार्रवाई भी की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित