भरतपुर , सितम्बर 06 -- राजस्थान के भरतपुर जिले में पिछले चार-पांच दिनों से रुक-रुककर हो रही बारिश से ग्रामीण इलाकों में जनजीवन प्रभावित हो गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नदबई क्षेत्र में धनीपुरा गांव में तालाब के लबालब होने के बाद से हालात गंभीर हो गए हैं। गांव के मुख्य रास्तों पर करीब चार फुट तक पानी भर गया है। जलभराव के चलते आवागमन पूरी तरह बाधित है और ग्रामीणों को घरों से बाहर निकलने में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
गांव और रास्तों में पानी भरने के कारण बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे हैं। मजदूरी और अन्य काम के लिए रोजाना गांव से बाहर जाने वाले ग्रामीणों की परेशानी भी बढ़ गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पानी की निकासी की व्यवस्था कराने और मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लेने की मांग की है।
सू्त्रों ने बताया कि गांव के मुख्य रास्तों पर जलभराव इतना अधिक है कि सड़क और रास्तों का अंतर ही नजर नहीं आ रहा। कई स्थानों पर पानी कमर से ऊपर तक पहुंच गया है। गहरे पानी के कारण पैदल आवागमन करीब असंभव हो गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित