भरतपुर , सितम्बर 16 -- राजस्थान में भरतपुर जिले की रूपवास और नदबई नगर पालिकाओं में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रत्याशियों का अध्यक्ष पद पर निर्वाचन सुनिश्चित हो गया है। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि रूपवास में बुधवार को नामांकन प्रक्रिया के अंतिम दिन केवल एक नामांकन पत्र दाखिल होने के बाद अध्यक्ष पद के लिये भाजपा का पार्टी चिन्ह केवल दिलीप सिंह अंधाना के नामांकन पत्र में ही प्राप्त हुआ है। किसी अन्य उम्मीदवार के नामांकन न भरने के बाद श्री अंधाना का निर्विरोध निर्वाचन तय हो गया।
उधर नदबई नगर पालिका अध्यक्ष पद पर भाजपा के कमलेश कटारा का निर्वाचन तय हो गया है। निर्वाचन सूत्रों ने बताया कि पूर्व पालिका अध्यक्ष घनश्याम कटारा की पत्नी कमलेश कटारा के विरोध में नामांकन प्रक्रिया के अंतिम दिन बुधवार को भी कोई नामांकन दाखिल नहीं हुआ। निर्वाचन प्रक्रिया पूरी होने के बाद उनके निर्विरोध अध्यक्ष बनने की घोषणा की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित