भरतपुर , सितम्बर 18 -- राजस्थान में भरतपुर के नदबई क्षेत्र में गुरुवार देर रात तेज हवा के साथ हुई कई घण्टों की भारी बारिश से क्षेत्र में जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया , वहीं खेतों में कटी और खड़ी ज्वार और बाजरे की फसल पानी में डूब जाने से किसानों में हाहाकार मच गया है।
मौसम विभाग के सूत्रों के अनुसार पिछले 24 घंटे में नदबई क्षेत्र में 111 एमएम बारिश दर्ज की गयी है। इतनी अधिक बारिश के कारण खेतों में पानी भरने एवं फसल के पानी में डूबने के साथ तेज बहाव के कारण कुछ स्थानों पर एक खेत की कटी पड़ी फसल दूसरे खेतों तक पहुंच गयी।
फसल खराब होने से किसानों के सामने मेहनत और लागत दोनों के नुकसान का संकट खड़ा हो गया है। बारिश रुकने के बाद किसान अपने परिवार के साथ खेतों में पहुंचकर पानी में डूबी और बिखरी हुई फसल को हटाने में जुटे हुए हैं। किसान किसी तरह बची हुई फसल को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित