भरतपुर , मार्च 20 -- राजस्थान में राज्य सरकार ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत भरतपुर जिले में रबी 2025-26 सीजन के लिए गेहूं, चना और सरसों की फसलों को अधिसूचित करते हुए फसलों के बीमा के लिए रिलायंस जनरल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड का चयन किया है।

कृषि विभाग के सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि फसल कटाई के बाद 14 दिनों के भीतर बारिश के कारण फसल को नुकसान होता है और किसान ने फसल बीमा कराया हुआ है, तो नुकसान की सूचना 72 घंटे में संबंधित बीमा कंपनी को देना अनिवार्य है। समय पर सूचना नहीं देने पर दावा मान्य नहीं किया जाएगा। सूत्रों ने बताया कि किसानों को सलाह दी गई है कि वे आवश्यक दस्तावेज आधार कार्ड, पंजीकृत मोबाइल नंबर और बीमा पॉलिसी नंबर (यदि उपलब्ध हो) साथ रखकर टोल फ्री नंबर 14447 पर कॉल करके, क्रॉप इंश्योरेंस ऐप के माध्यम से, पीएमएफबीवाई व्हाट्सएप चैटबॉट 7065514447 पर संदेश भेजकर शिकायत दर्ज कराये।

कृषि विभाग ने योजना का लाभ उठाने के लिए समय पर बीमा करवाने और किसी भी प्रकार की क्षति होने पर निर्धारित समय सीमा में सूचना देने का किसानों से आग्रह किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित